फरह (मथुरा)। थाना फरह क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-दिल्ली हाईवे के महुअन टोल प्लाजा से पहले गोवर्धन से आगरा जा रही एक अनुबंधित (अंडरटेकिंग) रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि अनुबंधित बस संख्या यूपी 85 एटी 4371 सोमवार दोपहर 12.30 बजे मथुरा से फिरोजाबाद के लिए रवाना हुई थी। तभी फरह क्षेत्र में महुअन टोल से एक किमी पहले ओवरटेक करने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। यात्रियों ने चालक के नशे में होने के आरोप भी लगाए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार दोपहर गोवर्धन से आगरा मार्ग पर चल रही रोडवेज अनुबंधित बस के चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी और सड़क पर ही पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी 15 घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में आगरा के थाना बरहन निवासी महिला संगीता और चंचल नि. नगला छिंगा मगोर्रा की मौत हो गई। संगीता अपने परिवार के साथ 84 कोस परिक्रमा लगाकर वापस लौट रहीं थीं। इसके अलावा दो यात्रियों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है। बाकी घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस टीम दुर्घटना के मुख्य और सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए अस्पताल में भर्ती घायलों और अन्य यात्रियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।