मतदाता सूची की शुद्धता ही लोकतंत्र की असली ताकत : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

परिवार संग कैलाश महादेव मंदिर में किया पूजन, बोले—हर पात्र नागरिक बने मतदाता

आगरा । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और पारदर्शी चुनावों के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदाता बनने और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अपने गृह नगर आगरा पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार सुबह परिवार के साथ कैलाश महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्नी अनुराधा, माता सत्यवती गुप्ता और पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता के साथ भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंत निर्मल गिरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन संपन्न कराया। ज्ञानेश कुमार लगभग 45 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे और आरती में भी शामिल हुए।

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले सभी चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता का मूल आधार है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त सोमवार शाम दिल्ली से आगरा पहुंचे थे। उन्होंने विजय नगर स्थित अपने पैतृक आवास पर परिवारजनों से मुलाकात की और माता-पिता का आशीर्वाद लिया। उनके पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता आगरा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं, जिसके कारण परिवार का शहर से गहरा जुड़ाव रहा है।

ज्ञानेश कुमार का यह दौरा इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि उनके दामाद मनीष बंसल वर्तमान में आगरा के जिलाधिकारी हैं। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष बंसल प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी एवं ज्ञानेश कुमार की पुत्री मेधा रूपम गौतम बुद्ध नगर नोयडा की जिलाधिकारी हैं।
हालांकि चुनाव आयोग की ओर से इस यात्रा को निजी दौरा बताया गया है और किसी औपचारिक कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई, फिर भी मुख्य चुनाव आयुक्त के आगमन को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह मुस्तैद रहीं।