10.12 करोड़ की लागत से होगा औद्योगिक क्षेत्र साइट ‘ए’ का कायाकल्प, विधायक श्रीकांत शर्मा ने किया शिलान्यास
मथुरा। औद्योगिक क्षेत्र साइट ‘ए’ की जर्जर सड़कों एवं क्षतिग्रस्त नालियों के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 10.12 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास मथुरा-वृंदावन विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र के उद्योगों एवं आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में विधायक श्रीकांत शर्मा का स्वागत आईआईए मथुरा के चेयरमैन आर.पी. सिंघल ने पटका पहनाकर किया। सहायक सिविल यूपीसीडा अभिषेक यादव का स्वागत आईआईए सचिव अजय सक्सैना ने तथा उपायुक्त उद्योग चंद्रपाल सिंह का स्वागत उद्योगपति उमेश अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद राजीव सिंह, कुलदीप पाठक, पार्षद प्रतिनिधि धर्मेश चौधरी, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष चंद्रपाल कुंतल, मंडल अध्यक्ष नितिन कौशिक, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यज्ञदत्त कौशिक, पूर्व चेयरमैन फरह कृष्णकांत पचौरी, राजीव राज पाठक, पूर्व सभासद नेत्रपाल प्रजापति, बलराम शर्मा तथा भाजपा नेत्री दीपा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में उद्योगपतियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक अतुल अग्रवाल ने बाहरी क्षेत्रों का कूड़ा औद्योगिक क्षेत्र में डाले जाने की समस्या उठाते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की। पर्यावरण समिति के सदस्य मनोज सक्सैना ने क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने का सुझाव दिया।
उद्योगपति वीरेन्द्र गोयल एवं विपिन अग्रवाल ने बरसात से पहले नालों की नियमित सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। वहीं विधायक श्रीकांत शर्मा ने उपायुक्त उद्योग से कहा कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को देखते हुए प्रत्येक उद्योग में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस पर उद्योगपतियों ने आश्वासन दिया कि जिन इकाइयों में यह व्यवस्था नहीं है, उन्हें भी इसके लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन इं. आकाश सिंघल ने किया। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप औद्योगिक विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए एसोसिएशन लंबे समय से प्रयासरत थी। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में 250 नई स्ट्रीट लाइटें तथा 16-17 हाईमास्ट लाइटें स्थापित कराई गई हैं और पुरानी खराब लाइटों को भी ठीक कराया गया है। अब 10.12 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों एवं नालियों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू होने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में लखवेंद्र गौतम, नरेन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह, कृष्णकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।