मथुरा में घर से लाखों के जेवरात पार, 5 किलो चांदी व 15 तोले सोना चोरी

रात में सूने मकान को बनाया निशाना, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के चौबिया पाड़ा स्थित शीतला पायसा मोहल्ले में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना देर रात की बताई जा रही है अज्ञात चोर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर लॉकर में रखे करीब 5 किलो चांदी और 15 तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।

पीड़ित आशीष चतुर्वेदी के अनुसार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो चोरी की घटना का पता चला जिससे घर में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय पार्षद बाल किशन पाठक भी मौके पर पहुंचे और मोहल्ले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की।
थाना प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।