गुरुकृपा विलास कॉलोनी में श्रीराम कथा का शुभारंभ , ‘राम नाम की महिमा अपरम्पार’
प्रथम दिन कथा व्यास शान्तनू जी महाराज ने सुनाया राम नाम का महत्व, श्रद्धा और विश्वास पर दिया जोर
मथुरा । पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर गुरुकृपा विलास कॉलोनी में आयोजित श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन कथा व्यास श्री शान्तनू जी महाराज ने श्रद्धालुओं को राम नाम की महिमा का रसपान कराया। उन्होंने कहा कि राम नाम अविनाशी है, समय और परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन राम नाम की महिमा सदैव बनी रहती है और दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जाती है। उन्होंने बताया कि स्वयं भगवान श्रीराम ने भी कहा है कि राम से बड़ा राम का नाम है, इसलिए इस नाम का महत्व सर्वोपरि है।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि राम केवल एक नाम नहीं, बल्कि जीवन का आधार और सबसे बड़ा मंत्र है। भगवान शिव भी निरंतर राम नाम का जाप करते हैं और इसी नाम की शक्ति से समस्त सृष्टि संचालित होती है। सूर्य, चंद्रमा, अग्नि और वायु की शक्ति भी इसी राम नाम में समाहित है।
शान्तनू जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के प्रसंग को बताते हुए कहा कि श्रद्धा और विश्वास ही जीवन का मूल स्वरूप है। उन्होंने कहा कि शब्द ही ब्रह्म है, इसलिए वाणी का सदैव संयमित उपयोग करना चाहिए। जीवन में अहंकार समाप्त होने पर ही सच्ची श्रद्धा का उदय होता है।
उन्होंने बताया कि मानव जीवन के हर महत्वपूर्ण क्षण में राम नाम का महत्व दिखाई देता है—चाहे बच्चे का जन्म हो, विवाह जैसे मांगलिक कार्य हों या फिर अंतिम यात्रा—हर जगह राम नाम का ही स्मरण किया जाता है। राम और शिव एक-दूसरे में समाहित हैं और राम नाम ही परम मुक्ति का मार्ग है।
कथा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया। इस दौरान प्रभात अग्रवाल (पीके ज्वैलर्स), मीता अग्रवाल, अनिल ड्रेस वाले, अंजना अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, गजानंद अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल (नौहझील), प्रियांशु अग्रवाल, विकास अग्रवाल, शैलेष अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।