“जाम मुक्त हो वृंदावन धाम” मुहिम तेज, सड़कों पर स्लोगन लिखकर किया जनजागरण

वृंदावन । धर्मनगरी को जाम मुक्त बनाने के लिए सिविल सोसाइटी के बैनर तले बुधवार शाम जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत नगर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर “जाम मुक्त हो वृंदावन धाम” जैसे स्लोगन लिखकर लोगों को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बढ़ते ट्रैफिक और ई-रिक्शाओं के अव्यवस्थित संचालन के कारण श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से ठोस और प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की।
इस दौरान युवाओं, व्यापारियों और नागरिकों ने “चलो भाइयों जाम हटाओ, वृंदावन को सुंदर बनाओ” जैसे नारों के साथ जनजागरण किया। अभियानकर्ताओं ने कहा कि यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और सुगम यातायात वाले शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।

जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वृंदावन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए यहां की यातायात व्यवस्था सुधारना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। पवन ठाकुर ने बढ़ते जाम को गंभीर समस्या बताते हुए जल्द समाधान की आवश्यकता जताई। धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने कहा कि अव्यवस्थित यातायात से शहर की आध्यात्मिक गरिमा प्रभावित हो रही है और नागरिकों को भी नियमों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर सुरेश चंद्र शर्मा, राघव भारद्वाज, विवेक गौतम, रूप किशोर शर्मा, अमित शर्मा, कृष्णा शर्मा, ठाकुर कालीचरण सिंह, मुरारी लाल शर्मा, अतुल श्रीवास्तव, सोहन सिंह सिसोदिया, नीलमणि अरोड़ा, राकेश खेतान, बंसी तिवारी, रविकांत गौतम, पंडित उदयन शर्मा, सुंदर सिंह, नरेंद्र शर्मा, राकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।