मथुरा को बड़ी उम्मीद: रेलवे बोर्ड बैठक में गूंजी वंदे भारत व राजधानी ठहराव की मांग

मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे की बोर्ड बैठक प्रयागराज के होटल कान्हा श्याम में आयोजित हुई जिसमें रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की रेलवे समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
मथुरा से समिति सदस्य मनीष शोरावाला ने नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से आम जनता की समस्याओं को रखते हुए वंदे भारत ट्रेन का मथुरा में ठहराव, राजधानी एक्सप्रेस के स्थायी स्टॉपेज तथा दिल्ली-भोपाल शताब्दी के ठहराव समय बढ़ाने की जोरदार मांग की। साथ ही स्टेशनों पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों व चेकिंग सिस्टम को दुरुस्त करने, लाखों श्रद्धालुओं के मद्देनजर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था करने तथा स्थानीय खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुधारने का मुद्दा उठाया गया। बरसात में अंडरपासों में जलभराव की समस्या को लेकर स्थायी समाधान, जल निकासी व्यवस्था एवं वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट लगाने का सुझाव भी दिया गया।
रेलवे महाप्रबंधक सहित अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास बन रहे रेलवे पुल व अंडरपास कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इससे जाम की समस्या में राहत मिलेगी।
बैठक में सांसदों व विधायकों ने भी यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं के लिए अलग शौचालय, एस्केलेटर सुरक्षा एवं ट्रेनों में चार्जिंग प्वाइंट जैसी सुविधाओं को बढ़ाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।