मथुरा । उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किए जा रहे “संभव : संतुष्टि एवं समृद्धि” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने स्वयं शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं वृंदावन जोनल कार्यालय में अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक तथा सिटी जोन में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। भूतेश्वर जोन में कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 7 लाइट एवं 2 अतिक्रमण से संबंधित थीं। इनमें से 3 लाइट संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। वृंदावन जोन में 3 शिकायतें मिलीं, जिनमें 1 निर्माण एवं 2 अतिक्रमण से संबंधित रहीं। वहीं सिटी जोन में सफाई से जुड़ी 1 शिकायत प्राप्त हुई, जिसका तत्काल समाधान करा दिया गया।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, कल्पना सिंह चौहान, अनुज कौशिक, मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव, सहायक अभियंता जल हेमेंद्र गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।