मथुरा के स्कूलों में बिना आधार और जन्म प्रमाण पत्र के भी होगा नामांकन , बीएसए ने दिए निर्देश
मथुरा । जिले के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने स्पष्ट किया है कि जनपद के किसी भी स्कूल में अब बच्चों को दस्तावेजों की कमी के कारण प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 12 मार्च 2026 को जारी निर्देशों के अनुपालन में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है। अक्सर यह देखा जा रहा था कि आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र जैसे पहचान संबंधी कागजात न होने पर कई निजी और सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य बच्चों का दाखिला रोक देते थे, जिससे अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
बीएसए ने सख्त निर्देश दिए हैं कि परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, समाज कल्याण विभाग और मदरसों में भी प्रवेश की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए। यदि किसी बच्चे के पास तकनीकी कारणों से दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो ऐसी स्थिति में अभिभावक द्वारा दी गई लिखित सूचना को ही प्रवेश का आधार माना जाएगा और नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाध्यापकों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है और कहा है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल से जिले के उन हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है जो कागजी औपचारिकताओं के चलते अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने के लिए भटक रहे थे।