शनि जयंती पर कंस टीला में भव्य आयोजन: पंचाभिषेक, फूल बंगला और रसिया दंगल ने बांधा समां

मथुरा। आगरा रोड स्थित कंस टीला के नीचे प्राचीन शनि देव मंदिर में शनि जयंती अमावस्या के अवसर पर इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शनिदेव का विधि-विधान से पंचाभिषेक किया गया, जिसमें घी, दूध, दही, शहद और बूरा से अभिषेक किया गया।
मंदिर के सेवायत महंत बनवारी लाल यादव के निर्देशन में प्रातःकाल शनि देव मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन मीठे शरबत की प्याऊ की व्यवस्था रही तथा सायंकाल बूंदी-चना का प्रसाद वितरित किया गया।
शाम होते ही मंदिर परिसर में फूलों और बर्फ से आकर्षक बंगला सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
रात्रि में पारंपरिक रसिया दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य मुकाबला हाथरस के रामवीर सिंह प्रधान (विप्र अखाड़ा) और अलीगढ़ के ओमवीर शर्मा (बैरम अखाड़ा) के बीच हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के मीडिया प्रभारी दीपक चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।