नई दिल्ली । पश्चिम एशिया में युद्ध से ईंधन आपूर्ति में किल्लत से उसकी बढ़ती कीमत का बोझ अब उपभोक्ताओं को भी उठाना होगा। जैसा कि अंदेशा पिछले कुछ दिनों से लगाया जा रहा था, शुक्रवार सुबह छह बजे से दिल्ली समेत देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हो गई है।
पेट्रोल के दाम प्रति लीटर 3.14 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे अब यह बढ़कर 97.77 रुपये हो गई है। इसी तरह, डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 90.67 रुपये पहुंच गया है। आज 2022 के बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा हुआ है।
सीएनजी की कीमत भी बढ़ी
इसी बीच, सीएनजी की कीमत भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है। इसके साथ दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो तय की गई है। नोएडा और गाजियाबाद में यह 87.70 रुपये प्रति किलो हो गई है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी की कीमत 87.58 रुपये प्रति किलो हो गई है। गुरुग्राम में यह 84.12 रुपये प्रति किलो हो गई है ।