गुवाहाटी । असम में हिमंत बिस्वा सरमा ने आज लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। हिमंत बिस्वा सरमा के साथ उनके चार मंत्रियों ने भी शपथ ली है। रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अनंता नियोग ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित कई बड़े नेता उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हिमंत बिस्व सरम को असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने उन्हें बेहद कुशल प्रशासक बताते हुए राज्य के लिए किए गए ‘नवाचारपूर्ण कार्यों’ की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि लगातार तीसरी बार बीजेपी-NDA की सरकार बनने जा रही है। यह हमारे लिए एक बड़ा दिन है। असम की जनता और NDA के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने के लिए पूरे राज्य से लोग यहां आए हैं ।