मथुरा । आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की प्रधान मुख्य नियंत्रक लेखा सुश्री सोफिया दहिया अपनी म्युनिसिपल फाइनेंस टीम के साथ गुरुवार को नगर निगम मथुरा-वृंदावन पहुंचीं जहां नगर निगम सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त जग प्रवेश, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जीएलआईएस प्लेटफॉर्म पर नगर निगम की संपत्ति रजिस्टर (म्युनिसिपल एसेट रजिस्टर) की प्रगति की समीक्षा करना तथा म्युनिसिपल फाइनेंशियल डायग्नोस्टिक्स के अंतर्गत निगम के वित्तीय प्रदर्शन और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करना रहा। इस दौरान नगर निगम की लेखा प्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और राजस्व सृजन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रधान मुख्य नियंत्रक लेखा सुश्री सोफिया दहिया ने नगर निगम मथुरा-वृंदावन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि नगर आयुक्त जग प्रवेश के नेतृत्व में निगम की टीम बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए वित्तीय प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
बैठक को नगर निगम की वित्तीय पारदर्शिता और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में नगर की विकास योजनाओं को और गति मिलने की उम्मीद है।