बड़ी कार्रवाई: कान्हा गौशाला की जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन का सख्त एक्शन 

मथुरा । जनपद में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवर्धन क्षेत्र में कान्हा गौशाला की भूमि को कब्जामुक्त कराया। आज दिनांक 07.05.2026 को गाटा संख्या 586, रकबा 0.817 हेक्टेयर भूमि पर चल रहे अवैध कब्जे को हटाकर जमीन को खाली कराया गया।

उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कान्हा गौशाला की सुरक्षित भूमि पर हुए अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया गया है। कब्जामुक्त कराई गई भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है, जहां अब गौशाला के निर्माण का कार्य कराया जाएगा।

इस दौरान प्रशासनिक अमले की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोवर्धन चैतन्य कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार जयन्ती मिश्रा, थाना प्रभारी गोवर्धन भगवत सिंह, राजस्व निरीक्षक श्याम बिहारी तरकर, लेखपाल महेन्द्र सिंह, प्रधान लिपिक मोहन श्याम अग्रवाल, सफाई निरीक्षक नानक चन्द शर्मा सहित नगर पंचायत कर्मियों और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण को पूर्ण रूप से हटाकर भूमि को सुरक्षित कर लिया गया है और अब यहां नगर पंचायत गोवर्धन द्वारा एक वृहद कान्हा गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।