वृंदावन में सनसनी: बिजली बिल के विवाद में कर्मचारी को तेजाब से नहलाने की धमकी, कर्मचारियों में रोष

वृंदावन। बिजली बिल जमा न होने के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब एक उपभोक्ता द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारी को तेजाब से नहलाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कर्मचारी भयभीत है और उसने नौकरी छोड़ने तक की बात कही है, जिससे विभाग में आक्रोश फैल गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैतन्य विहार उपकेंद्र पर जेई दीपक मधेशिया के निर्देश पर संविदाकर्मी नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ रानू ने उपभोक्ता विकी उर्फ मृत्युंजय शर्मा को बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए फोन किया था। आरोप है कि फोन पर ही उपभोक्ता ने कर्मचारी को तेजाब से नहलाने की धमकी दे डाली।
घटना के बाद कर्मचारी ने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है और वे सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।