मथुरा में ट्रैफिक गुंडागर्दी पर पुलिस का प्रहार: ऑपरेशन ऑल आउट में 115 वाहन जब्त, सड़कों पर मचा हड़कंप!

मथुरा। जनपद में बेलगाम ट्रैफिक और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वालों पर मथुरा पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन ऑल आउट के तहत जबरदस्त कार्रवाई की। पूरे जिले में चलाए गए इस अभियान में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसा सख्त रुख अपनाया गया कि सड़कों पर हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में 2 मई को जिले की सीमाओं, प्रमुख चौराहों, तिराहों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों, कस्बों, गांवों और एक्सप्रेसवे तक पुलिस ने एक साथ चेकिंग और पेट्रोलिंग का व्यापक अभियान चलाया।
इस दौरान बिना नंबर प्लेट फर्राटा भर रहे वाहन, हेलमेट और सीट बेल्ट को नजरअंदाज करने वाले चालक, रॉन्ग साइड चलकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले और अवैध पार्किंग से यातायात बाधित करने वालों पर पुलिस ने बिना किसी ढील के कार्रवाई की।
पुलिस की इस सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अभियान के दौरान 115 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि बड़ी संख्या में चालान काटकर समन शुल्क वसूला गया।
अधिकारियों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब सड़कों पर लापरवाही और मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार और ज्यादा सख्ती के साथ जारी रहेंगे।