गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन : पीएम मोदी

हरदोई । नरेंद्र मोदी ने हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 36 हजार 230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा समय 10 से 12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे होने की उम्मीद जताई गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन साबित होगा और इसे मां गंगा का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंच सकेंगे और काशी में दर्शन कर वापस लौट सकेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक्सप्रेसवे का नाम गंगा के नाम पर रखने को विकास और विरासत का संगम बताया और प्रदेशवासियों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में तेजी से बन रहे एक्सप्रेसवे विकसित भारत की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सड़क परियोजनाएं वर्षों तक लटकी रहती थीं लेकिन अब तय समय में शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक काम पूरा हो रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेजी आई है और देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का जाल बिछाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार मतदान भयमुक्त वातावरण में हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं जो लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है। उन्होंने मतदाताओं की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के उत्सव का महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने हाल के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार और गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता मिली है और आगामी चुनावों में भी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ने के साथ ही एनसीआर की संभावनाओं को भी करीब लाएगा और आर्थिक गतिविधियों को गति देगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल विकास के बजाय परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति करते हैं और महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर भी उनका रवैया नकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को ऐसे दलों से सावधान रहने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के कई देश अस्थिरता और संघर्ष से जूझ रहे हैं लेकिन भारत तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और गंगा एक्सप्रेसवे उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।