मथुरा में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्ती, मुख्य अभियंता का औचक निरीक्षण

मथुरा। महानगर में वर्टिकल बिजली सिस्टम लागू होने के बावजूद अधिकारियों और इंजीनियरों के समय पर कार्यालय न पहुंचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मथुरा जोन के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने सोमवार को औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्य अभियंता अचानक पागल बाबा बिजलीघर पहुंचे, जहां उन्होंने एक्सईएन अनिल कुमार, सहायक अभियंता संदीप वार्ष्णेय, पंकज शर्मा और शुभम अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों के साथ बिजलीघर व कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक रजिस्टरों की जांच की गई और उपस्थिति पंजिका का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों की प्रगति से उपभोक्ताओं को अवगत कराने और उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य अभियंता ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।