मथुरा। भीषण गर्मी के बीच शहर में हो रही अघोषित विद्युत कटौती और बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को पार्षदों का एक प्रतिनिधि मंडल मुख्य अभियंता राजीव गर्ग से मिला और जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जनहित में बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पार्षदों ने ज्ञापन में बताया कि शहर के कई वार्डों में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सड़कों के बीचों-बीच खड़े बिजली के पोल भविष्य में दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर विद्युत जंक्शन बॉक्स खुले पड़े हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। वहीं प्रीपेड मीटर में तकनीकी खामियों के चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने तत्काल अधिकारियों को तलब किया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता (नगर) मुदित तिवारी और एक्सईएन अनिल पाल को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही सड़कों के बीच बाधा बने बिजली के पोल हटाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ पार्षद चौधरी राजवीर सिंह, कुंजबिहारी भारद्वाज, नीरज वशिष्ठ, ठाकुर तेजवीर सिंह, बृजेश खरे, विवेक पाराशर, सुभाष यादव, संजय अग्रवाल, संतोष पाठक, धनंजय चौधरी, लक्ष्मण सैनी, तरुण सैनी, पुनीत बघेल शैली और लीला प्रधान सहित कई पार्षद मौजूद रहे।