सख्ती का असर: समय सीमा के बाद मंडी में कारोबार पर जुर्माना, सफाई व्यवस्था पटरी पर—मजदूरों को मिली राहत
मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए मंडी प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। कारोबार का समय निर्धारित कर दिया गया है और तय समय के बाद व्यापार करने वालों पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। आगरा मंडल के आयुक्त नगेंद्र यादव के निर्देशों के बाद प्रशासन का रुख और कड़ा नजर आ रहा है।
इस सख्ती से जहां व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं मंडी में साफ-सफाई बेहतर होने से आम लोगों और खरीदारों को राहत मिल रही है।
मंडी सचिव रेनू वर्मा ने बताया कि आधी रात से ही मंडी में वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है और सुबह से ही खरीद-फरोख्त शुरू होने के कारण सफाई कार्य प्रभावित होता था। इसी समस्या के समाधान के लिए अब दोपहर 12 बजे तक ही कारोबार की अनुमति दी गई है, इसके बाद अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाएगी।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान टीम को निर्धारित समय के बाद भी कारोबार करते व्यापारी मिले, जिस पर एक दर्जन से अधिक व्यापारियों से करीब 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
वहीं मंडी समिति की एक सराहनीय पहल भी सामने आई। कड़ी धूप में गेहूं की तुलाई कर रहे मजदूरों को राहत देने के लिए उनके ऊपर छतरियां लगाई गईं। इस पहल से मजदूरों के चेहरे खिल उठे। सचिव रेनू वर्मा ने मौके पर मजदूरों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया।