मथुरा। थाना जैत पुलिस और रिवार्डिड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर टप्पेबाजी व चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल की रात करीब 10:50 बजे मुखबिर की सूचना पर अल्हेपुर कट हाईवे किनारे खड़े तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान संदीप उर्फ संजय उर्फ टिंकू (हापुड़), सोनी उर्फ मोनू और कार्तिक (दोनों मेरठ निवासी) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान तीनों के पास से कुल मिलाकर हजारों रुपये नगद, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चूड़ियां, झुमके समेत पीली धातु के कई आभूषण और दो आधार कार्ड बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी गई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ईको गाड़ी में श्रद्धालुओं को बैठाकर बातचीत में उलझा लेते थे और मौका पाकर उनके बैग से नकदी व आभूषण चोरी कर लेते थे। कई मामलों में महिलाओं को बहलाकर या डराकर भी उनके गहने हड़प लेते थे। घटना में प्रयुक्त गाड़ी को दिल्ली से किराए पर लेकर वारदात के बाद वापस कर देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने छटीकरा, छाता और राया क्षेत्र में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। मुख्य आरोपी संदीप पर हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।