बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी , विजय चौधरी और विजेंद्र यादव बने डिप्टी सीएम

नई दिल्ली । बिहार के सियासत में सम्राट युग की शुरुआत हो चुकी है। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में भाजपा नेता सम्राट चौधरी को 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद के तौर पर शपथ ली। विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव दोनों उप मुख्यमंत्री के रूप में पद संभालेंगे।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में बिहार के और तेजी से विकास करने की उम्मीद जताई। नीतीश कुमार ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।”