JIO और बैंक ऑफ बड़ौदा ने किया गठजोड़ , फीचर फोन पर मिलेगी रोजमर्रा की बैंकिंग सुविधा

नई दिल्ली । रिलायंस जियो ने डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयास के तहत सोमवार को बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) के साथ साझेदारी की घोषणा की। इससे कोई भी व्यक्ति कंपनी के फीचर फोन से उसके मोबाइल बैंकिंग एप्लिकेशन का उपयोग कर सकेगा। बीओबी और जियो के संयुक्त बयान के अनुसार, इसके तहत फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ मोबाइल बैंकिंग ऐप पेश किया गया है। यह ऐप खास तौर पर जियोफोन प्राइमा 4जी डिवाइस के लिए तैयार किया गया है, जिससे बिना स्मार्टफोन के भी लाखों लोग डिजिटल बैंकिंग का उपयोग कर सकेंगे। यह ऐप फीचर फोन उपयोगकर्ता को यूपीआई के जरिये भुगतान, पैसे भेजने, बिल भुगतान और अन्य रोजमर्रा की बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगा। ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम इंटरनेट स्पीड और कीपैड फोन पर भी आसानी से काम कर सकेगा।

बयान में दावा किया गया है कि यह अपनी तरह की पहली सेवा है। यह साझेदारी सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के समावेश को बढ़ावा देने और फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल भुगतान को सुलभ बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस साझेदारी के तहत ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ ऐप जियोफोन प्राइमा 4जी में पहले से ‘इंस्टॉल’ होगा और उपयोगकर्ता इसे सीधे होम स्क्रीन से इस्तेमाल कर सकेंगे। मौजूदा जियोफोन उपयोगकर्ता इसे ‘जियोस्टोर’ से डाउनलोड कर सकते हैं।

यह ऐप बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों के साथ-साथ अन्य बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगा, जहां वे आसान प्रक्रिया से खुद पंजीकरण कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार जियो के डिजिटल नेटवर्क और बैंक ऑफ बड़ौदा के व्यापक ग्राहक आधार के साथ यह पहल देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग की पहुंच को और बढ़ाएगी।