वृंदावन में दर्दनाक नाव हादसा: केसी घाट पर पांटून पुल से टकराकर पलटी नाव , 30 लोग डूबे, 6 श्रद्धालुओं की मौत
मथुरा । वृंदावन के प्रसिद्ध केसी घाट पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पांटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में नाव में सवार करीब 25-30 श्रद्धालु अचानक नदी में जा गिरे, हादसे में 6 पर्यटको की ड्रबने से मौत हो गई। इसकी पुष्टि मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने की है। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक करीब 15-16 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोर यमुना के गहरे पानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ/एसडीआरएफ जैसी आपदा राहत टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और पांटून पुल के पास संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे बचाव कार्य में कुछ बाधाएं भी आईं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से संयम बनाए रखने और रेस्क्यू टीम का सहयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी होने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।