किसानों की फसल नुकसान पर सपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन , मुआवजा बढ़ाने की मांग

मथुरा । समाजवादी पार्टी, मथुरा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने जनपद के किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सरसों, आलू और गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है, लेकिन अब तक किसानों को कोई ठोस राहत नहीं मिली है। पार्टी ने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए सरकार पर केवल घोषणाएं करने का आरोप लगाया।

समाजवादी पार्टी ने मांग की कि तत्काल फसलों का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को पूर्ण मुआवजा दिया जाए। साथ ही कृषि ऋण माफ करने और मुआवजा राशि बढ़ाकर ₹70,000 प्रति एकड़ करने की भी मांग उठाई गई। इसके अलावा पार्टी ने मंडियों में किसानों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाने की कमी के कारण किसान अपनी फसल की समय पर तौल नहीं करा पा रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
सपा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

इस दौरान वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी, लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर, छात्र सभा के जिला अध्यक्ष संतोष यादव, अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष सचिन पहलवान, छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष नजीम अब्बासी, महेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।