मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के पार्षदों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। भूतेश्वर स्थित नगर निगम के मुख्य कार्यालय में पार्षदों के लिए एक भव्य एवं हाईटेक मीटिंग हॉल (सदन) लगभग बनकर तैयार हो गया है। खास बात यह है कि इस सदन को विधानसभा और लोकसभा की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है।
नवनिर्मित सदन में पार्षदों के बैठने की व्यवस्था अत्यंत आकर्षक एवं व्यवस्थित की गई है। प्रत्येक पार्षद के लिए अलग से सुसज्जित डेस्क, आरामदायक सीटिंग अरेंजमेंट और आधुनिक माइक्रोफोन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे सदन की कार्यवाही के दौरान सभी पार्षद प्रभावी ढंग से अपनी बात रख सकें। हॉल की आंतरिक सज्जा, लाइटिंग और तकनीकी व्यवस्थाएं इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान कर रही हैं।
सदन के निर्माण कार्य और अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्षदों ने मुख्य कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड 37 के पार्षद राजीव कुमार सिंह, वार्ड 31 के मुन्ना मलिक, वार्ड 68 के कुलदीप पाठक, वार्ड 33 के अभिजीत चौधरी, वार्ड 5 के हनुमान गुर्जर तथा वार्ड 59 की नीलम गोयल सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। पार्षदों ने सिटिंग अरेंजमेंट और तकनीकी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के बाद पार्षदों ने कहा कि लंबे समय से नगर निगम की बोर्ड बैठकों के लिए एक व्यवस्थित एवं गरिमामय हॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब यह मांग पूरी होने जा रही है। नगर निगम प्रशासन की योजना है कि आगामी बोर्ड बैठक इसी नवनिर्मित भव्य सदन में आयोजित की जाए।
पार्षदों ने इस हाईटेक सदन को शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे मथुरा के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। सूत्रो का कहना है कि 15 अप्रैल को वर्तमान वित्तीय वर्ष की इसमें पहली बैठक बजट संबंधी होगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Prev Post