ट्रांसपोर्ट नगर में गंदगी से हालात बदतर, नगर आयुक्त से शिकायत

मथुरा। बृज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने हाईवे के समीप स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में व्याप्त गंदगी एवं खराब स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम मथुरा के नगर आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपा है।
पत्र में उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की स्थिति अत्यंत दयनीय और चिंताजनक बनी हुई है। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं जिससे असहनीय दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह विफल नजर आ रही है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
विनोद दीक्षित ने स्वच्छ भारत अभियान के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर की वास्तविक स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने कहा कि “अधिकारी मस्त, आम जनता पस्त” जैसी स्थिति क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
उन्होंने नगर आयुक्त से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर में तत्काल प्रभाव से सुदृढ़ एवं नियमित सफाई व्यवस्था लागू कराई जाए, कूड़ा उठाने के लिए पर्याप्त संसाधन एवं कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
समिति ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।