नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से कहा कि केरल में भाजपा की लहर है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को मिली सफलता नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के लिए बढ़ते समर्थन को दिखाता है। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुए संवाद में कहा कि यह स्पष्ट है कि इस बार केरल न केवल एक नई सरकार बल्कि एक नई व्यवस्था भी चुनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा और एनडीए की लहर है। तिरुवनंतपुरम ने एक नई मिसाल कायम की है। अब तक वाम दलों और कांग्रेस दोनों का मानना था कि कुशासन या कुप्रबंधन की परवाह किए बिना वे बारी-बारी से सत्ता में आ सकते हैं। हालांकि, तिरुवनंतपुरम ने इस धारणा को चकनाचूर कर दिया है। मोदी ने कहा कि नतीजतन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) अब एक-दूसरे पर हमले करने के बजाय भाजपा को निशाना बना रहे हैं। लोग यूडीएफ और एलडीएफ द्वारा की जा रही लूट से तंग आ चुके हैं। इस बाबत केरल के क्रिकेट खिलाड़ी संजू सैमसन का उदाहरण दिया।
मोदी ने कहा कि हम अक्सर संजू सैमसन के प्रदर्शन में यह देखते हैं। विश्व कप के दौरान, जब टूर्नामेंट अपने निर्णायक नॉकआउट चरणों में पहुंचा, तो उनका प्रदर्शन चरम पर था। शुरू से अंत तक, उनका ध्यान, आत्मविश्वास और जोश लगातार बढ़ता गया-जो एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। एक महान खिलाड़ी हमेशा तब बेहतरीन प्रदर्शन करता है, जब उसकी टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है।