मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद मथुरा में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को भव्य बाइक-स्कूटी रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र एवं मिशन शक्ति नोडल अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली पुलिस लाइन से टैंक चौराहा, एसबीआई चौराहा डीग गेट चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई।
इस दौरान 137 महिला पुलिसकर्मियों व पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाओं ने बाइक व स्कूटी पर सवार होकर मिशन शक्ति से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां हाथ में लेकर लोगों को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने “मिशन शक्ति से महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित”, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “महिलाओं का सम्मान, समाज का अभिमान” जैसे नारे बुलंद किए।
इस अवसर ओर अपर पुलिस अधीक्षक देहात ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रमुख पहल है। फेज-5.0 के अंतर्गत रैलियां, सेमिनार व प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अपराधियों में भय पैदा करते हैं।
रैली के दौरान मार्ग में मौजूद नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और नारों का समर्थन किया। यह आयोजन न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा, बल्कि आमजन में भी मिशन शक्ति के प्रति जागरूकता को मजबूत करने में सफल रहा।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में जनपद में मिशन शक्ति के तहत पिंक बूथ, महिला हेल्प डेस्क एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। यह रैली महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.