मथुरा: चौक बाजार में बुलियन कारोबारी का ‘फिल्मी’ अपहरण या पुलिसिया कार्रवाई? व्यापारियों ने लगाया जाम

​मथुरा। महानगर के व्यस्ततम चौक बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद लोग एक प्रमुख बुलियन कारोबारी और उसके पुत्र को जबरन उठाकर ले गए। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मस्जिद के समीप बाजार बंद कर सड़क पर जाम लगा दिया। सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकाने बंद कर दी है। कुछ व्यापरियों ने बताया कि वर्दीधारी उनके मोबाईल फोन छीन ले गए है।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार को दो बिना नंबर की गाड़ियों में कुछ वर्दीधारी और सादे कपड़ों में लोग चौक बाजार पहुंचे। उन्होंने बुलियन कारोबारी महेश चंद खंडेलवाल को हथियार दिखाकर डराया और जबरन अपने साथ गाड़ियों में बैठा लिया। जब स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने इस घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उन पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी हथियारों के बल पर धमकाया और मौके से फरार हो गए।

​घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारी लामबंद हो गए और चौक बाजार में जाम लगा दिया। व्यापारियों का आरोप है कि जिस तरह से बिना नंबर की गाड़ियों में लोग आए वह किसी अपहरण जैसी वारदात लग रही थी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी आशना चौधरी और कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

​बाजार में चर्चा है कि यह किसी दूसरे राज्य की पुलिस की कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक ​किसी अन्य प्रदेश में हुई चांदी लूट की बड़ी वारदात के तार इस मामले से जुड़े हो सकते हैं। ​पुलिस को अंदेशा है कि लूटी गई चांदी का कुछ हिस्सा महेश चंद के यहाँ बेचा गया है। ​इसी सिलसिले में पूछताछ के लिए संबंधित राज्य की पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर गई है। ​फिलहाल स्थानीय पुलिस इस मामले की आधिकारिक पुष्टि करने और यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त टीम किस राज्य की थी और उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी थी या नहीं। सूत्रों के अनुसार इस वाकया को अंजाम पलवल की पुलिस ने दिया है। पलवल पुलिस ने पहले गोविन्द नगर से अमित नाम के युवक को उठाया उसने बताया कि 30 किलो चांदी उसने महेश खंडेलवाल को बेची है। उसकी जानकारी पर व्यापारी और उसके पुत्र को उठा ले गयी। बड़ी संख्या में व्यापारी गोविंदनगर थाना पर जमा थे।