मथुरा में ब्लिंकिट एप से सामान मंगाना पड़ा भारी , युवती के खाते से उड़े 85 हजार रुपये

मथुरा । जनपद में पुलिस प्रशासन की तमाम कोशिशों और जागरूकता अभियानों के बावजूद साइबर ठगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला महानगर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी छावनी इलाके का है, जहाँ एक युवती ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। पीड़ित युवती ने ब्लिंकिट एप के माध्यम से कुछ घरेलू सामान ऑर्डर किया था, लेकिन बाद में मन बदलने पर जब उसने ऑर्डर के संबंध में बातचीत की, तो उसे अपनी मेहनत की कमाई से हाथ धोना पड़ा।

युवती के अनुसार, सामान ऑर्डर करने के बाद उसे लगा कि यह ऑर्डर ठीक नहीं है, जिसके चलते उसने संबंधित एप के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क साधने की कोशिश की। जैसे ही फोन पर बातचीत समाप्त हुई, युवती के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। शातिर हैकर ने पलक झपकते ही उसके अकाउंट से कुल 85000 रुपये निकाल लिये , जिससे युवती के होश उड़ गए।

घटना की जानकारी तत्काल साइबर क्राइम सेल को दी गई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने सक्रियता दिखाई और हैकर के बैंक खाते पर तुरंत रोक (फ्रीज) लगा दी। पीड़िता ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि अन्य लोग इस तरह की ठगी का शिकार न हों।