टी20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचा न्यूजीलैंड , सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया
कोलकाता । आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में एंट्री मार ली है। 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम के लिए फिन एलेन ने सबसे ज्यादा 100 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को फाइनल का टिकट दिलाया। दक्षिण अफ्रीका की टीम जो मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करती आई थी, वो आज न्यूजीलैंड के सामने चारो खाने चित्त हो गई। महज 33 गेंद पर शतक लगाकर फिन एलेन ने कीवी टीम को फाइनल का टिकट दिलाया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए हैं। प्रोटियाज के लिए मार्को जैंसन ने कमाल की बल्लेबाजी की और 30 गेंदों पर 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस 34 रन बनाकर दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। कीवी टीम के लिए मैट हेनरी, कोल मैककॉन्ची और रचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट हासिल किए।