मथुरा। जी.एल. बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित दो दिवसीय तूनव फेस्ट का शनिवार शाम पारितोषिक वितरण के साथ उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना की झलक दिखाई दी।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या प्रिया मदान ने लगभग 65 प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेकर व्यक्तित्व विकास करने का आह्वान किया।
दूसरे दिन फैशन शो मुख्य आकर्षण रहा जिसमें हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, कश्मीर और राजस्थान सहित देश की सांस्कृतिक विविधता को पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने ग्रामीण भारत की संस्कृति को भी प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में काव्या गोयल ने डिबेट, लक्षिका शर्मा ने एकल नृत्य, काव्या सक्सेना व अनुष्का श्रीवास्तव ने युगल नृत्य तथा तनिष्का एंड साक्षी ग्रुप ने समूह नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्किल इट मैनेजमेंट गेम में तनु एंड ग्रुप, एड्स विला में रितु वार्ष्णेय तथा रोबो रेस में शिवांश चौहान और आदर्श यादव की टीम विजेता रही। मंडला आर्ट में नेहा कुमारी और कैनवास पेंटिंग में कोमल राजपूत प्रथम रहीं।
स्पोर्ट्स ऑफिसर लोकेश शर्मा के निर्देशन में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में शतरंज में शिवा गौतम और प्रांजल, कैरम में स्वयं तिवारी और शालिनी, टेबल टेनिस में गौरव सिंह व काव्या गोयल तथा रस्साकशी में कुणाल और शालिनी चौधरी की टीमों ने जीत दर्ज की।
संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि प्रिया मदान को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन संस्थान के बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ।
आयोजन की सफलता में प्रो. वीके सिंह, प्रो. संजीव सिंह, प्रो. भोले सिंह, प्रो. अजय उपाध्याय, डॉ. शशि शेखर, डॉ. उदयवीर सिंह, इंजीनियर प्रमोद कुमार, डॉ. तनुश्री गुप्ता, इंजीनियर रिचा मिश्रा, स्तुति गौतम, इंजीनियर अंकित गोयल, इंजीनियर दुष्यंत चौहान, इंजीनियर अंकित पचौरी, आशीष कुमार दीक्षित तथा स्पोर्ट्स ऑफिसर लोकेश शर्मा का योगदान रहा। समन्वयक डॉ. शताक्षी मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।