विशेष संवाददाता
मथुरा। फुफेरी बहन की नृशंस हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने वाले आरोपी को थाना राया पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त को साथिनी बम्बा पुलिया के पास से दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही एक माह पुराने सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठ गया है।
पुलिस के अनुसार थाना राया पर पंजीकृत मामले में वांछित अभियुक्त लव पुत्र जगदीश निवासी हर्दपुर मनीनाबालू थाना राया को 27 फरवरी को अपराह्न 4 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बताया जाता है वादी द्वारा 31 जनवरी 2026 को थाना राया में तहरीर दी गई थी कि उसकी फुफेरी बहन, जो अपनी ननिहाल ग्राम हर्दपुर में रह रही थी की हत्या कर दी गई है और शव को जलाकर खुर्द-बुर्द कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना राया निरीक्षक अरविन्द सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और मामले में आगे की जांच जारी है। फुफेरी बहन की हत्या जैसे जघन्य अपराध में हुई गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है।