मथुरा में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का शिकंजा, पशुपालकों को जारी हुए नोटिस

मथुरा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने मथुरा शहर की गलियों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित पशुपालकों और डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम प्रशासन ने खुले में घूमने वाले पशुओं तथा सड़कों पर फैल रही गंदगी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामगोपाल के अनुसार शहर के कई इलाकों में डेयरी संचालन के कारण सड़कों पर गोबर, गंदगी और आवागमन में बाधा की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और स्वच्छता अभियान भी प्रभावित हो रहा था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि आवासीय क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित डेयरियों को चिन्हित किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा ऐसी डेयरियों को शहर से बाहर निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित कराने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
नगर निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि निकट भविष्य में पशुपालकों के लिए वैकल्पिक स्थान, पशु शेड की व्यवस्था तथा कचरा एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विस्तृत योजना लागू की जाएगी। इसके साथ ही सड़कों पर पशुओं को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अधिकारियों ने पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे नगर निगम के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मथुरा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके। नगर निगम की इस पहल को शहर की स्वच्छता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।