होली से पहले ‘चमकेंगी’ मथुरा की सड़कें: नगर आयुक्त ने परखा सौंदर्यीकरण, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
मछली फाटक से भूतेश्वर तक दिखेगा बदलाव; इंटरलॉकिंग, प्लांटेशन और वॉल पेंटिंग से बदलेगी शहर की सूरत
मथुरा । कान्हा की नगरी में रंगों के महापर्व होली से पहले नगर निगम ने शहर को नया लुक देने के लिए कमर कस ली है। बुधवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद सड़कों पर उतरकर प्रमुख तिराहों और चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी प्रोजेक्ट्स को होली से पहले फाइनल टच दिया जाए।
नगर आयुक्त ने मछली फाटक, स्टेट बैंक चौराहा, कंकाली देवी मंदिर मार्ग और भूतेश्वर तिराहा का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निम्नलिखित कार्यों की समीक्षा की। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए सड़क किनारे पक्की टाइल्स। शहर को हरा-भरा दिखाने के लिए सघन पौधरोपन। दीवारों पर ब्रज की संस्कृति को उकेरती हुई आकर्षक चित्रकारी। धूल और गंदगी से मुक्ति के लिए कच्चे पैच को पक्का करना।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने केवल निर्माण ही नहीं बल्कि सड़कों की बाधाओं पर भी ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाए। उन्होंने साफ कहा कि सड़कों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि होली का त्यौहार नजदीक है, ऐसे में कार्यों की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि कार्यों में शिथिलता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, अवर अभियंता इमरान सहित नगर निगम की पूरी टीम मुस्तैद रही।
”हमारा लक्ष्य मथुरा को आने वाले आगंतुकों के लिए सुगम और सुंदर बनाना है। गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करना पहली प्राथमिकता है।”
— जग प्रवेश, नगर आयुक्त