बिहारी जी मंदिर वृंदावन में रंगभरी एकादशी पर होने वाली होली को दिव्य-भव्य मनाने में जुटा प्रशासन
रंगोत्सव पर प्रशासन अलर्ट, रंगभरी एकादशी को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार, बांकेबिहारी मंदिर में ‘सफोकेशन’ रोकने पर विशेष जोर
वृन्दावन। ब्रज के विश्वप्रसिद्ध रंगोत्सव एवं आगामी रंगभरी एकादशी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख मंदिरों के सेवायतों के साथ वृहद समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि रंगभरी एकादशी के दिन होने वाली परिक्रमा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह गड्ढा मुक्त करने तथा निरंतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मार्ग में जगह-जगह एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी तथा प्रमुख अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी सी.पी. सिंह ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर के भीतर एवं बाहर ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को ‘सफोकेशन’ (दम घुटने) जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं तथा ड्यूटी चार्ट को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। भीड़ नियंत्रण हेतु प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, विकास प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं। बैठक में एसएसपी श्लोक कुमार सहित ISKCON और बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत भी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि रंगोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उत्सव का मुख्य आकर्षण 27 फरवरी को रंगभरी एकादशी से प्रारंभ होगा।