मथुरा में तैनात अपर जिला जज ब्रह्मतेज चतुर्वेदी का निधन, न्याय क्षेत्र में शोक

मथुरा । जनपद में तैनात अपर जिला जज ब्रह्म तेज चतुर्वेदी का रविवार सुबह बीमारी के चलते स्वर्गवास हो गया है । फरीदाबाद स्थित मेट्रो अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज मथुरा में होगा।

न्याय जगत के लिए एक अत्यंत दुखद समाचार है। मथुरा में तैनात अपर जिला जज (ADJ) ब्रह्मतेज चतुर्वेदी का रविवार को बीमारी के चलते फरीदाबाद के मेट्रो अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। मूल रूप से पीलीभीत जनपद के निवासी श्री चतुर्वेदी वर्तमान में अपने परिवार के साथ मथुरा में ही रह रहे थे। उनके निधन की खबर से न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर को मथुरा में ही संपन्न किया जाएगा।
​श्री चतुर्वेदी एक बेहद कुशल और सम्मानित न्यायिक अधिकारी थे, जिनकी सेवा निवृत्ति वर्ष 2028 में होनी थी। उन्होंने मई 2023 में मथुरा में अपर जिला जज के रूप में कार्यभार संभाला था और इस वर्ष उनका स्थानांतरण भी संभावित था। उनके करियर की शुरुआत वर्ष 2006 में जनपद गोंडा में सिविल जज जूनियर डिवीजन के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने आगरा में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हमीरपुर में अपर जिला जज और प्रयागराज हाई कोर्ट में स्पेशल इंक्वायरी जज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी थीं। उनके आकस्मिक चले जाने से न्यायिक क्षेत्र को एक बड़ी क्षति हुई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता ओमवीर सारस्वत में उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।