सीवर सफाई को मिली नई ताकत, नगर निगम को मिली अत्याधुनिक मशीनें – महापौर ने किया लोकार्पण

मथुरा। जलकल विभाग, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन को 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत सीवर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नवीन अत्याधुनिक मशीनों की आपूर्ति प्राप्त हुई है। इस योजना के तहत 02 सीवर सक्शन मशीन, 01 सीवर जैटिंग मशीन एवं 02 सीवर बकेट मशीन नगर निगम को मिली हैं।
इन सभी मशीनों का लोकार्पण नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के भूतेश्वर मुख्यालय परिसर में महापौर विनोद अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर किया गया। इसके उपरांत हरी झंडी दिखाकर मशीनों को जनसेवा हेतु रवाना किया गया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, अधिशासी अभियंता (जल) राम कैलाश, सहायक अभियंता (जल) हेमेन्द्र गौतम, सहायक अभियंता (जल) अजय एवं सहायक अभियंता (जल) श्रीमती प्रतिभा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नई मशीनों के संचालन से सीवर सफाई एवं जल निकासी का कार्य अब मैकेनाइज्ड पद्धति से अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से किया जा सकेगा। इससे जलभराव एवं फेवर (सीवर ओवरफ्लो) जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा तथा स्वच्छता व्यवस्था में गुणात्मक सुधार आएगा। यह पहल स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों की दृष्टि से भी लाभकारी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर महापौर श्री अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक मशीनरी के माध्यम से शहर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को नई गति मिलेगी। नगर निगम का लक्ष्य तकनीक आधारित समाधान अपनाकर नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इन मशीनों के नियमित एवं प्रभावी उपयोग से बरसात के मौसम में भी जलभराव की समस्या को न्यूनतम किया जाएगा और आमजन को राहत मिलेगी।