मथुरा में 14 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, अग्रवाल समाज ने पेश की सेवा की अनूठी मिसाल

​मथुरा। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के संकल्प को चरितार्थ करते हुए आदर्श अग्रवाल सेवा समिति द्वारा फुलैरा दौज के पावन अवसर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। महोली रोड स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित इस समारोह में 14 जरूरतमंद जोड़ों का विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

​कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा महाराज अग्रसेन के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रधानमंत्री सुभाष चंद्र सिक्का, तिलकद्वार अग्रवाल समिति के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल (मांट वाले), मंत्री कृष्ण मुरारी सर्राफ, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, अनिल अग्रवाल (नौझील वाले), विश्वनाथ अग्रवाल (टेकमैन ग्रुप), राकेश अग्रवाल (अलमारी वाले), आर पी सिंघल (चेयरमैन, संस्कार स्कूल) सहित लक्ष्मी अग्रवाल व आशा अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

​समिति द्वारा प्रत्येक जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इसमें बेड, अलमारी, कूलर, सिलाई मशीन, बर्तन, मिक्सी आदि वस्तुएं शामिल रहीं।
​संतों का आशीर्वाद: कार्यक्रम में पधारे फुलडॉल दास महाराज ने नव-दंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं है और समिति के पदाधिकारी इस पुनीत कार्य के लिए बधाई के पात्र हैं।
समाज सेवा में अग्रणी है अग्रवाल समाज: रविकांत गर्ग
​उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने अग्रवाल समाज की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य हो या सामाजिक सरोकार, अग्रवाल समाज सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद के लिए तत्पर रहता है।

​समिति के अध्यक्ष मोरमुकुट अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि वैसे तो यह आयोजन प्रतिवर्ष बसंत पंचमी पर होता है, लेकिन इस वर्ष इसे फुलैरा दौज के विशेष मुहूर्त पर रखा गया। समिति अब तक सैकड़ों जोड़ों का घर बसा चुकी है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।

समारोह में माधवशरण अग्रवाल भूपेंद्र अग्रवाल, गिरधारी लाल अग्रवाल ब्रज बिहारी अग्रवाल विष्णु दास अग्रवाल, मनोज कुमार अरविंद अग्रवाल नरेंद्र अग्रवाल ब्रजेश कुमार विशन दयाल और अश्विनी गर्ग (मोटर वाले) सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।