मथुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 दिनों में खोजे गए 66 लापता हिस्ट्रीशीटर, एसएसपी के अभियान का दिखा असर
शेरगढ़ पुलिस ने रचा इतिहास, 10 साल से गायब अपराधी दबोचे, शहरी और देहात क्षेत्रों में भी चला डंडा
मथुरा। जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में चलाया गया विशेष अभियान बड़ी सफलता के साथ संपन्न हुआ। पुलिस ने 15 दिनों के भीतर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लापता चल रहे 66 हिस्ट्रीशीटरों को खोज निकाला है।
अभियान के दौरान सबसे शानदार प्रदर्शन थाना शेरगढ़ का रहा। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कुल 35 हिस्ट्रीशीटरों का पता लगाया। इनमें से 5 अपराधी तो ऐसे थे जो पिछले 10 वर्षों से पुलिस की रिकॉर्ड बुक से पूरी तरह गायब थे और अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। शेरगढ़ पुलिस की इस तत्परता ने विभाग में अन्य थानों के लिए भी एक मिसाल पेश की है। अभियान की सफलता केवल एक थाने तक सीमित नहीं रही। आंकड़ों के अनुसार, थाना हाईवे पुलिस ने 08 लापता अपराधियों को ढूंढ निकाला जबकि गोविन्दनगर और छाता थाना पुलिस ने 05-05 हिस्ट्रीशीटरों को ट्रेस करने में सफलता प्राप्त की। वहीं, बरसाना पुलिस ने 04 और कोसीकलां पुलिस ने 03 अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट की।
मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों और अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस सतर्क नजर आई। कोतवाली और जमुनापार पुलिस ने 02-02 हिस्ट्रीशीटरों को खोजा, जबकि वृन्दावन और राया थानों ने भी अपने-अपने क्षेत्र से 01-01 लापता अपराधी को चिन्हित कर अभियान में अपना योगदान दिया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जिले में कुल 147 हिस्ट्रीशीटर लापता चिन्हित किए गए थे जिनमें से 66 को 15 दिनों के भीतर खोज लिया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य इन अपराधियों की वर्तमान सक्रियता का पता लगाना और उन्हें अपराध की दुनिया से दूर रखना है। शेष बचे अपराधियों के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के बदमाशों में हड़कंप मचा हुआ है।