मथुरा के दीपक मुकुटमणि ‘देश के प्रभावशाली स्कूल लीडर’ सम्मान से नवाजे गए
IPN इम्पैक्टफुल स्कूल लीडर्स अवार्ड्स 2025: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
मथुरा । इंडियन प्रिंसिपल्स नेटवर्क (IPN) द्वारा आयोजित ‘इम्पैक्टफुल स्कूल लीडर्स सम्मान समारोह 2025’ में ब्रज का मान बढ़ाते हुए कृष्णकुलम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सचिव इंजीनियर दीपक मुकुटमणि को देश के चुनिंदा प्रभावशाली स्कूल लीडर्स में चुना गया है। शिक्षा जगत में उनके नवाचार, बेहतर प्रबंधन और बच्चों के भविष्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद दीपक मुकुटमणि ने भावुक होते हुए कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का है जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।” उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, भाई, पत्नी और विशेष रूप से अपने स्वर्गीय दादा लोकमणि शर्मा व दादी बादमी देवी के आशीर्वाद को दिया।
इंडियन प्रिंसिपल्स नेटवर्क के संस्थापक गौरव यादव ने कहा दीपक मुकुटमणि ने सीबीएसई मास्टर ट्रेनर के रूप में और मथुरा में विश्वस्तरीय शिक्षा के स्वप्न को साकार कर खुद को दूसरों से अलग साबित किया है। कृष्णकुलम की प्राचार्या सुश्री शुभम गोधर सहित आगरा, अलीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम शिक्षा विशेषज्ञों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।