मथुरा में आधी रात को एसएसपी आवास के समीप मानसिक दिव्यांग युवक ने मचाया हंगामा, रोडवेज बस से बाल बाल बची जान

हंगामे का सोशल मीडिया पर हो रहा वीडियो वायरल

मथुरा। आगरा रोड स्थित पुलिस लाइन गेट के समीप शनिवार देर रात उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक मानसिक दिव्यांग युवक ने खुलेआम उत्पात मचाते हुए चलती गाड़ियों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुई इस घटना से सड़क पर दहशत फैल गई। कई वाहनों के शीशे और हेडलाइट्स टूट गए। हालात उस समय और बिगड़ गए जब युवक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार देर रात रिजर्व पुलिस लाइन गेट पर युवक करीब आधे घंटे तक बेकाबू होकर हंगामा करता रहा। वह बीच सड़क पर खड़ा होकर कारों और अन्य वाहनों को रोकता और उन पर लगातार पत्थर फेंकता रहा। इससे सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए और लोग जान बचाकर अपने वाहन मोड़ने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसमें युवक खुलेआम तांडव करता नजर आ रहा है।

हद तो तब हो गई जब युवक ने तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस के सामने आकर पत्थर फेंकने की कोशिश की। बस चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया लेकिन तब तक बस युवक को टक्कर मार चुकी थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान महेश के रूप में हुई है जो आगरा का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है और वह शराब के नशे में भी था। इलाज के दौरान देर रात युवक अस्पताल से भाग निकला। सदर थाना प्रभारी सुधीर नगर ने बताया कि युवक मथुरा कैसे पहुंचा इसकी जानकारी के लिए उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।