यूपी में एसआईआर के तहत दावा–आपत्ति की तारीख बढ़ी, अब 6 मार्च तक मिलेगा मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन कराने की समय सीमा एक माह के लिए बढ़ा दी गई है। अब मतदाता 6 मार्च 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 6 फरवरी तक बड़ी संख्या में फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि नागरिकों को एक और अवसर दिया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरण में संशोधन के लिए 6 मार्च तक का समय मिलेगा। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा जबकि अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित होगी। उन्होंने बताया कि बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे, जहां मतदाता आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।