राया (मथुरा)। कस्बा राया के हाथरस रोड पर शुक्रवार तड़के असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दलित समाज और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मौके पर जुटी भीड़ ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस रोड स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ शरारती तत्वों ने छेड़छाड़ की जिससे प्रतिमां क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो उन्हें घटना का पता चला। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। इलाका पुलिस के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि प्रतिमा की गरिमा को बहाल किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य क्षेत्र की शांति भंग करने के इरादे से किया गया है।