मथुरा। पुलिस की वर्दी पहनकर बदमाशों ने मथुरा जंक्शन पर सर्राफा कारोबारी से लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कारोबारी से सवा सात लाख रुपये की चांदी व नकदी लूटने के साथ अपहरण का भी प्रयास किया लेकिन शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने मंगलवार तड़के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार हाथरस जिले के थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव गोपुरा निवासी योगेश कुमार सराफा कारोबारी हैं। वह चार जनवरी को चांदी के कारोबार के सिलसिले में मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा गए थे। वहां चांदी की पायल बेचकर तीन किलो 282 ग्राम कच्ची चांदी और 75 हजार रुपये नकद लेकर पातालकोट एक्सप्रेस से मथुरा लौट रहे थे। सोमवार रात करीब ढाई बजे वह मथुरा जंक्शन के गेट नंबर तीन से बाहर निकलकर ऑटो स्टैंड की ओर बढ़े तभी वहां खड़ी नीले रंग की बलेनो कार के पास पुलिस वर्दी में खड़े दो लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौच करते हुए कारोबारी पर गांजा बेचने का आरोप लगाया और चांदी व नकदी से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश जबरन उन्हें कार में बैठाने लगे। कार की पिछली सीट पर योगेश ने अपने गांव के परिचित रोहित और गोपाल कृष्ण को बैठे देखा। पीड़ित के अनुसार रोहित को पहले ही फोन पर यह जानकारी दे दी गई थी कि वह चांदी बेचकर मथुरा लौट रहा है जिसके बाद पूरी साजिश रची गई।
शोर मचाने पर आरोपी चांदी और नकदी लेकर कार में सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद और दो अज्ञात वर्दीधारी बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी श्लोक कुमार ने तीन पुलिस टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश करते हुए मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने घेराबंदी कर रोहित पुत्र हरवीर, गोपाल कृष्ण पुत्र बाबूलाल निवासी ग्राम पचावरी, थाना सादाबाद, हाथरस तथा नरेंद्र पुत्र शिवराम सिंह निवासी जमुनापार, मथुरा को मालगोदाम रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 452 ग्राम सफेद धातु, 60 हजार रुपये नकद, दो तमंचे, एक काला बैग तथा घटना में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।