पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन

मथुरा। मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में रिक्त चल रहे लगभग 80 हजार सफाई कर्मचारियों के पदों पर शीघ्र भर्ती किए जाने की मांग की है।

संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमित किए जाने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए तथा वर्ष 2005 तक के संविदा निकाय कर्मचारियों को स्थाई किया जाए। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग पर कार्यरत ड्राइवरों का मासिक वेतन 25 हजार रुपये किए जाने, आउटसोर्सिंग के सभी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि तथा सभी ड्राइवरों का सामूहिक बीमा कराए जाने की मांग भी रखी गई, जिससे उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

ज्ञापन में ठेकेदारी प्रथा को समाप्त कर कर्मचारियों की सीधी भर्ती किए जाने की भी मांग की गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ठेकेदारी व्यवस्था के कारण कर्मचारियों का शोषण हो रहा है, जिसे समाप्त किया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश काजू, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह, वरुण वाल्मीकि, राम सिंह वाल्मीकि, मुकेश मिस्त्री, ललित चौहान, कन्हैया लाल चंदेल, खेमचंद, चंद्रभान चंदेल, शाहू कांत, आनंद रविकांत, आनंद छोटू चौहान, नेमीचंद चौहान, वृंदावन अध्यक्ष रमेश खरे, रजत कनौजिया, बंटी चौटाला सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।