गोवर्धन में व्यापारी नेता गणेश पहलवान पर बदमाशों की फायरिंग, बाल-बाल बचे
व्यापारियों में भारी आक्रोश, शीघ्र खुलासे की मांग
गोवर्धन (मथुरा)। जनपद मथुरा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए रविवार देर रात कस्बा गोवर्धन में बदमाशों ने नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता गणेश पहलवान पर जानलेवा हमला कर दिया। बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के समीप अंधाधुंध फायरिंग की हालांकि सौभाग्यवश गणेश पहलवान इस हमले में बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा गोवर्धन के दसविसा निवासी गणेश पहलवान रविवार रात करीब 12 बजे अपने कार्य निपटाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दसविसा स्थित बीकानेरी धर्मशाला रोड पर पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद हमलावर मानसी गंगा दसविसा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। व्यापारी नेता पर हुए इस गंभीर जानलेवा हमले से व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।