मथुरा शहरी क्षेत्र में लागू होगी विद्युत निगम की नई वर्टिकल प्रणाली

प्रस्ताव स्वीकृति हेतु मुख्यालय भेजा गया, पूर्व ऊर्जा मंत्री व डीएम को दी गई जानकारी

मथुरा। शहरी मंडल क्षेत्र में आने वाले दिनों में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा नई वर्टिकल सिस्टम व्यवस्था लागू किए जाने की तैयारी है। इस संबंध में प्रस्ताव स्वीकृति के लिए निगम मुख्यालय भेजा गया है।

इसी क्रम में आगरा से आए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (तकनीकी) मनोज कुमार श्रीवास्तव ने अधीक्षण अभियंता (शहरी) मुदित तिवारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ प्रदेश के पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की। निदेशक ने विधायक को नई वर्टिकल व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रणाली से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में और अधिक सुधार होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में यह व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है।

इस पर विधायक श्रीकांत शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई व्यवस्था लागू करते समय उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत निदेशक तकनीकी ने जिलाधिकारी सीपी सिंह से भी भेंट कर उन्हें शहरी क्षेत्र में लागू की जाने वाली वर्टिकल प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत किस प्रकार विद्युत आपूर्ति प्रणाली संचालित की जाएगी।

हालांकि, आगरा से आए निदेशक तकनीकी द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों से संपर्क न किए जाने को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं। सांसद हेमा मालिनी, विधायक राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी तथा मथुरा-वृंदावन के महापौर विनोद अग्रवाल से मुलाकात न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समय-समय पर विभागीय योजनाओं की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों को देने और उनसे नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए जाते रहे हैं।