रेलवे का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: मथुरा जंक्शन पर किलाबंदी चेकिंग से हड़कंप, बिना टिकट वालों की जेब हुई ढीली
मथुरा। बिना टिकट यात्रा करने वाले और रेल परिसर में गंदगी फैलाने वालों की अब खैर नहीं! आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने सोमवार को मथुरा जंक्शन पर ऐसी ‘किलाबंदी’ की कि अवैध रूप से यात्रा करने वाले चूहे की तरह जाल में फंसते नजर आए। भारी टिकट चेकिंग स्टाफ को देखकर यात्रियों के पसीने छूट गए और स्टेशन पर भगदड़ जैसा माहौल दिखा।
DRM आगरा गगन गोयल के आदेश पर चली इस ‘क्लीन स्वीप’ कार्रवाई में कुल 125 लोगों को दबोचा गया। रेलवे की इस स्ट्राइक ने विभाग की झोली में ₹80,785 का राजस्व डाल दिया।
चैकिंग में 80 यात्री बिना टिकट मिले जिनसे ₹62,875 झटके गए। नियम तोड़ने वाले: 39 यात्रियों से ₹17,310 वसूले गए। स्टेशन पर गंदगी फैला रहे 6 लोगों को भी नहीं बख्शा गया।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीरेंद्र सिंह चौहान और संजय गौतम के सुपरविजन में चली इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि मुसाफिरों को अब सुधरना होगा। मुख्य टिकट निरीक्षक नागेन्द्र तिवारी और हेमंत अग्रवाल की टीम ने चप्पे-चप्पे पर पहरा बिठा रखा था। रेलवे ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर आप बिना टिकट यात्रा कर रहे हैं या स्टेशन पर कूड़ा फेंक रहे हैं, तो अगली बारी आपकी हो सकती है। सम्मान के साथ सफर करें, टिकट लेकर ही ट्रेन में चढ़ें।
”चेतावनी साफ है: या तो टिकट लेकर चलें, वरना जुर्माना भरने और अपमानित होने के लिए तैयार रहें। यह अभियान रुकने वाला नहीं है।” > — कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी